Prime Minister Internship Scheme : हरियाणा सरकार इन युवाओं को दे रही 9 हजार रुपये, जानिए कैसे करें आवेदन
Prime Minister Internship Scheme : भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (पीएमआईएस) का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को देश की अग्रणी कंपनियों में व्यावहारिक कार्य अनुभव प्र…

NF Agro, New Delhi Prime Minister Internship Scheme : मंडल रोजगार अधिकारी फरीदाबाद नेहा सिंह ने जिले के युवाओं से बताया कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का उद्देश्य युवाओं को उद्योग जगत से जोड़ना तथा उन्हें भविष्य की रोजगार संभावनाओं के अनुरूप तैयार करना है।
उन्होंने पात्र युवा, छात्र-छात्राओं एवं स्नातकों से योजना के पोर्टल पर पंजीकरण कर उपलब्ध इंटर्नशिप अवसरों के लिए आवेदन करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत पंजीकरण कर सकते हैं।
योजना के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को इंटर्नशिप अवधि के दौरान विभिन्न प्रकार की वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं।
मंडल रोजगार अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत 6 से 9 माह की इंटर्नशिप अवधि के दौरान लाभार्थियों को प्रतिमाह 9 हजार रुपये का स्टाइपेंड प्रदान किया जाता है।
इसमें 8100 रुपये भारत सरकार तथा 900 रुपये संबंधित पार्टनर कंपनी द्वारा वहन किए जाते हैं। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है।
इसके अतिरिक्त सरकार द्वारा 6 हजार रुपये का एकमुश्त वित्तीय अनुदान भी प्रदान किया जाता है, जो 3-3 हजार रुपये की दो किस्तों में जारी किया जाता है। पहली किस्त इंटर्नशिप प्रारंभ होने पर तथा दूसरी किस्त तीन माह बाद प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के अंतर्गत बीमा सुरक्षा का लाभ भी उपलब्ध कराया जाता है।
इच्छुक युवा स्वयं प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के आधिकारिक पोर्टल https://pminternship.mca.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।
यदि किसी अभ्यर्थी को पंजीकरण संबंधी किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो वह अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ सेक्टर-12 स्थित मंडल रोजगार कार्यालय, फरीदाबाद में संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है।
युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़कर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और अपने भविष्य को सशक्त बनाने का आह्वान किया।








